महिला की दिलेरी से पकड़ा गया बाइक सवार लुटेरा, CCTV में कैद हुई भिड़ंत

punjabkesari.in Tuesday, Jan 16, 2018 - 09:21 AM (IST)

मथुरा: वृन्दावन कोतवाली इलाके में बांके बिहारी रोड पर एक महिला से 3 बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल लूटने का प्रयास किया। महिला की जांबाजी के चलते एक बाइक सवार लुटेरे को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया जबकि उसके 3 साथी भाग जाने में सफल रहे।

महिला मोबाइल पर बात कर रही थी कि तभी बाइक सवार 3 लोगों ने उससे मोबाइल लूट लिया और भागने लगे लेकिन इसी बीच महिला ने दिलेरी दिखाई और मोबाइल लूट रहे एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान मौके पर स्थानीय लोग आ गए और उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि उसके 2 साथी भागने में सफल रहे।

प्रत्यक्षदर्शी वेद प्रकाश ने बताया कि महिला की दिलेरी की वजह से बदमाश पकड़ में आ सका है। अपने साथी को छुड़ाने के लिए बाइक सवार लुटेरों ने महिला को धक्का भी दिया, लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं छोड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे घेर कर दबोच लिया। हालांकि पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।