बिकरू कांड: 5 लाख के ईनामी विकास दुबे के राइट हैंड सहित 3 साथी अब तक हो चुके ढेर

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2020 - 01:05 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश कानपुर के बिकरू गांव में सीओ सहित 8 पुलिसकर्मियों की हत्या मामले में फरार चल रहे 5 लाख के ईनामी बिकास दुबे के रिस्तेदार व सहयोगी अब तक पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो चुके हैं। इसके साथ ही गैंग के 2 साथी गोली लगने से गिरफ्तार हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस अभी भी विकास दुबे को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो सकी है।

विकास दुबे के राइट हैंड अमर दुबे को पुलिस ने मार गिराया
बता दें कि शुक्रवार की रात विकरू गांव में पुलिस टीम पर हमले के ठीक बाद शनिवार को पुलिस ने विकास दुबे के मामा प्रेमप्रकाश पांडेय और चचेरे भाई अतुल दुबे को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसीक्रम में आज यानी बुधवार को हमीरपुर के मौदहा में एसटीएफ और पुलिस की टीम ने उसके राइट हैंड अमर दुबे को भी ढेर कर दिया। इन तीनों के अलावा उसके करीबी दयाशंकर अग्नहोत्री और श्यामू बाजपेयी को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों को पैर में गोली लगने से अस्पताल में भर्ती किया गया है।

फरीदाबाद से विकास दुबे के 3 करीबी गिरफ्तार
उधर, हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद से विकास दुबे के करीबी तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्तौल और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इनमें दो पिस्तौल उत्तर प्रदेश पुलिस के मारे गए सिपाहियों की है। आरोपियों में से एक कानपुर हत्याकांड में शामिल विकास के बेहद करीबी प्रभात उर्फ कार्तिकेय, फरीदाबाद के रहने वाले अंकुर और उनके पिता श्रवण को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

Edited By

Umakant yadav