देश में लगातार बढ़ रही है BJP की ताकत: शाह

punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2017 - 07:21 PM (IST)

लखनऊ: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश में भाजपा की ताकत लगातार बढ़ रही है और अब पार्टी को ‘अपराजेय’ बनाने का लक्ष्य है। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बिगड़ी हुई व्यवस्था मिली है लिहाजा प्राथमिकता के आधार पर तेजी से काम किए जा रहे हैं। 5 साल में राज्य सरकार संकल्प पत्र में किए गए एक एक वादे को पूरा करेगी।

उन्होंने यहां संगठन की एक बैठक में कहा कि देश के कई राज्यों में सरकार बनाने के बाद से भारतीय जनता पार्टी कभी नहीं हारी और देश में भी पार्टी की ताकत लगातार बढ़ रही है। एेसे में हम सबका लक्ष्य एेसी भारतीय जनता पार्टी बनाने का है जो अपराजेय हो। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही दिन से जनता के काम करने में जुटी हुई है। एक बिगड़ी हुई व्यवस्था मिली है लिहाजा प्राथमिकता के आधार पर तेजी से काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन महीनों के भीतर किसानों की कर्ज माफी से लेकर रिकार्ड गेहूं की खरीद जैसे वादे पूरे किए गए हैं और पांच सालों के भीतर प्रदेश सरकार संकल्प पत्र में किए गए एक एक वादे को पूरा करेगी।

शाह ने कहा कि प्रदेश में जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार बनी है और सरकार के काम उत्तर प्रदेश की जनता के दरवाजे दरवाजे तक पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश के तीन दिन के प्रवास पर आए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश के 22 करोड़ लोगों की तरक्की और खुशहाली के लिए दिन रात काम कर रही है। पिछले पंद्रह सालों की बदहाली से परेशान उत्तर प्रदेश की महान जनता ने भाजपा को विधानसभा चुनावों में जबरदस्त बहुमत दिया और अब उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में हर रोज जनहित के फैसले ले रही है। शाह ने कहा कि वह पूरे देश की यात्रा पर हैं और इसी सिलसिले में तीन दिन के लिए उत्तर प्रदेश भी आए हैं।

शाह ने कहा कि योगी सरकार ने भ्रष्टाचार पर करारी चोट की है। ठेके पट्टे से लेकर विभागों तक में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। हमारी प्राथमिकता है कानून का राज स्थापित करना और ये हम करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा बड़ा दायित्व उन 22 करोड़ लोगों की सेवा करने का है जिनकी मदद से हम उत्तर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन कर पाए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्त्ता हमारी ताकत हैं और कार्यकर्त्ताओं की मेहनत से ही देश और प्रदेश में ये बड़ी विजय हासिल हुई है। सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल के साथ ही हम केंद्र और राज्य सरकार की नीतियोँ और कामों को जन जन तक पहुंचाएंगे।