UP के मेरठ से BJP उम्मीदवार अरुण गोविल ने किया नामांकन, केशव मौर्य बोले- हमारे हिसाब से कोई मुकाबले में नहीं है

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2024 - 02:52 PM (IST)

मेरठ: दूरदर्शन पर प्रसारित हुए लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण' में श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल ने मंगलवार को मेरठ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान गोविल के साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। मौर्य ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अरुण गोविल जी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। यहां आज कार्यकर्ताओं और जनता में जबर्दस्त विश्वास है कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीट और पूरे देश में 400 सीट जीतने का लक्ष्य प्राप्त करेगी।'' 

इस सवाल पर कि वह भाजपा का मुकाबला किस पार्टी से मानते हैं, मौर्य ने कहा, ‘‘ हमारे हिसाब से कोई मुकाबले में नहीं है।'' उन्होंने दावा किया, ‘‘ विपक्ष कहीं है ही नहीं। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस में घमासान है। हमारी तैयारी 2024 से लेकर 2047 तक के लिए है।'' अरुण गोविल ने इस अवसर पर कहा कि वह भाजपा नेतृत्व को धन्यवाद देना चाहते हैं कि उसने उन पर विश्वास करके मेरठ से प्रत्याशी बनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें बड़े पैमाने पर जनसमर्थन मिल रहा है। 

अरुण गोविल की कर्मभूमि मुंबई रही है लेकिन उनका जन्म मेरठ में हुआ था। यही कारण है कि बीजेपी ने उन्हें मेरठ से टिकट (Lok Sabha Election 2024) दिया है। मेरठ कैंट में अरुण गोविल का जन्म हुआ। उनके पिता यहां जलकल विभाग में इंजीनियर थे।उनकी पढ़ाई भी मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हुई है। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। अरुण गोविल ने मुंबई में कई फिल्मों में काम किया, लेकिन रामायण सीरियल ने उन्हें भारत के घर-घर तक पहुंचा दिया था। कोरोना काल में रामायण का दोबारा प्रसारण हुआ तो अरुण गोविल एक बार फिर श्री राम के रूप में सबके हृदय में बस गए थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के समय अरुण गोविल ने बीजेपी जॉइन की थी। अब वो मेरठ से लोकसभा के प्रत्याशी हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static