रामपुर उपचुनाव में BJP प्रत्याशी ने किया नामांकन: नकवी बोले- जनता ही सबसे बड़ी जागीरदार…

punjabkesari.in Friday, Nov 18, 2022 - 01:21 AM (IST)

रामपुर: पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद आजम खान पर निशाना साधते हुये कहा कि नो बॉल की बेवकूफी और हिट विकेट की बदहवासी वाले नेता रफूचक्कर हो जाते हैं।       

रामपुर विधानसभा के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी आकाश सक्सेना उर्फ हनी का नामांकन कराने पहुंचे नकवी ने कहा ‘‘ कुछ लोग बिना जमीन की जमीदारी और बिना जनाधार के जागीरदारी का ठेका लेने की सोचते हैं मगर ऐसा नहीं है। वास्तव में जनता ही सबसे बड़ी जागीरदार और जनाधार देने वाली है। दरअसल, नो बॉल की बेवकूफी और हिट विकेट की बदहवासी वाले नेता रफूचक्कर हो जाते हैं।''  उन्होने कहा ‘‘ देश और उत्तर प्रदेश में करप्शन फ्री, जातिवाद फ्री और क्राइम फ्री माहौल में चल रहा है और इस बात को ही हमें आगे बढ़ाना है।

नकवी ने भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना की जीत पक्की बताई। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर में पिछले 50 साल से बेरोजगारी बड़ा मुद्दा रहा है। साथ ही रामपुर का नाम कानपुर के बाद उद्योग के तौर पर लिया जाता था, लेकिन यहां की लीडरशिप ने यहां के लोगों के हाथ से कलम छीन कर उनके हाथ में रिक्शा दी है। रामपुर को उद्योग नगरी के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना और गुलाब देवी, बलदेव सिंह औलख, घनश्याम लोधी, ख्यालीराम लोधी अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा रामपुर शहर विधानसभा सीट के लिए सपा प्रत्याशी आसिम राजा आज अपना नामांकन कराने पहुंचे। इस दौरान आजम खान ने मीडिया से दूरी बनाकर रखी। वहीं सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने कहा कि आजम खान 11वीं बार विधायक चुने जाएंगे। कानून की मजबूरी है, फेस चाहे कोई भी हो, चुनाव आजम खान का ही है। आजम खान 11वीं बार भी विधायक चुने जाएंगे। सपा प्रत्याशी के साथ नगर पालिका सदर की चेयरपर्सन फातिमा जबीं, सपा पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल आदि मौजूद रहे।

Content Writer

Mamta Yadav