सपा का आरोप- सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर BJP मना रही है जश्न

punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2020 - 10:00 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लोकतंत्र पर कुठाराघात करार देते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने दावा किया है कि उनकी पार्टी 2022 के आम चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी। पार्टी प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने मंगलवार को कहा कि चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। भाजपा सरकार की नीतियों से जनता तबाह है। इसका प्रभाव उपचुनाव के नतीजों पर दिखना तय था, लेकिन हर चुनाव की तरह इस बार भी सरकारी मशीनरी भाजपा के कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रही थी। इसकी देखरेख के लिए बाकायदा मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए पार्टी जनता के बीच जाएगी और 2022 के विधानसभा के चुनाव के लिये उसका आर्शीवाद लेगी। चौधरी ने कहा कि उपचुनाव में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव तो बाहर निकले ही नहीं जबकि भाजपा के मंत्री लगातार लगे रहे। उसके बावजूद वे सिर्फ अपनी सीट बचाने में सफल रहे। उसमें भी जश्न मना रहे है। जब अखिलेश निकलेंगे तो यह कहां टिकेंगे। 2022 में सब स्पष्ट दिख जाएगा।

बुलंदशहर में सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के निराशाजनक प्रदर्शन पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि रालोद को लेकर पार्टी अपनी रणनीति नहीं बदलेगी। रालोद सपा का सहयोगी रहा है और आगे भी रहेगा। हालांकि पार्टी अध्यक्ष हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। 

Tamanna Bhardwaj