BJP का दावा- पश्चिमी यूपी की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी पार्टी

punjabkesari.in Friday, Mar 08, 2019 - 04:15 PM (IST)

सहारनपुर: वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने दावा किया है कि विकास और सुशासन के दम पर पार्टी एक बार फिर सभी सीटों पर जीत दर्ज करेंगी। भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने कहा कि पार्टी उम्मीदवार तय करने का निर्णय केद्रीय नेतृत्व लेने का काम करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी का उम्मीदवार चेहरा और चुनाव चिन्ह कमल है। केंद्रीय नेतृत्व जिसे भी उम्मीदवार घोषित करेगा कार्यकर्ता उसी को तन-मन-धन से चुनाव जिताएंगे। पार्टी एक बार फिर वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेंगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनने से पहले त्यागी उत्तर प्रदेश में भाजपा के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर इस बार भी जीतेगी। भाजपा का चुनावी मुद्दा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी द्वारा किया जा रहा विकास, सुशासन, अराजकता और भय के माहौल को दूर करना, लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना, सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और दहशतगर्दी और पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाना आदि होंगे।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी(सपा)-बहुजन समाज पार्टी(बसपा)के शासनों के दौरान अराजकता, परिवारवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों पर कड़ाई के साथ अंकुश लगाया है। प्रदेश को भयमुक्त बनाने का काम किया है। त्यागी ने यह भी कहा कि नौजवानों और नए मतदाताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बहुत ज्यादा उत्सुकता और जोश दिखाई दे रहा है।

Anil Kapoor