अखिलेश बोले- ''''राजनीति का व्यापार'''' करती है BJP, गरीबों का कल्याण सरकार के एजेंडे से बाहर

punjabkesari.in Wednesday, Aug 11, 2021 - 06:53 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर 'राजनीति का व्यापार' करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि गरीबों का कल्याण करना सरकार के एजेंडे में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि जिनके राज में नौकरी के लिए युवाओं को हाथ जोड़ना पड़े, उनसे जनता अब हाथ जोड़ लेगी।

अखिलेश ने यहां एक बयान में कहा, "भाजपा राजनीति का व्यापार करती है। सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने तक ही सिमट गयी हैं। गरीबों का कल्याण सरकार के एजेंडे से बाहर है।" उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा सरकार का चरित्र जनविरोधी है और जनता की समस्याओं के समाधान में उसकी कोई रुचि नहीं है। राजनैतिक षडयंत्रों से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में ही भाजपा दिन-रात लगी रहती है।"

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसान समस्या, महिला उत्पीड़न और अपराध से जनता बुरी तरह त्रस्त है। बावजूद इसके भाजपा का झूठा प्रचार अभियान जारी है। उन्होंने एक ट्वीट कहा कि, “ये हैं उप्र की भाजपा सरकार में युवाओं की दुर्दशा की तस्वीरें! भाजपा राज में युवक-युवतियों की आवाज़ सुननेवाला कोई नहीं है। निराश-हताश युवा अब अपनी समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षण के लिए किसी भी हद तक जोखिम उठाने के लिए मजबूर भी हैं और तैयार भी।”

PunjabKesari
अखिलेश ने कहा कि भाजपा की केन्द्र और उत्तर प्रदेश की सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है। किसानों की आय दोगुनी करने का झूठ फैलाने वाली भाजपा सरकार में मंहगाई और बेरोजगारी ने आमजन की कमर तोड़ दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार तो हर मोर्चे पर विफल है और जनता की गाढ़ी कमाई को विज्ञापनों के माध्यम से भाजपा अपनी छवि चमकाने में खर्च कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static