भाजपा किसानों की नहीं पूंजीपतियों की पार्टी है: रालोद

punjabkesari.in Friday, May 18, 2018 - 09:08 AM (IST)

लखनऊ: राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी का यह बयान कि गन्ना किसान गन्ना बोते क्यों हैं, गन्ना किसानों की अवहेलना जैसा बयान है। भारतीय जनता पार्टी पूंजीपतियों की पार्टी है और 24 घंटे एसी में रहने वाले लोग किसानों और मजदूरों की स्थिति समझने में पूर्णत: नाकाम साबित होते रहे हैं। भाजपा किसानों की नहीं पूंजीपतियों की पार्टी है।

त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की नीतियां और रीतियां सदैव किसानों के आस पास घूमती रही हैं, यही कारण है कि राष्ट्रीय लोकदल के जनक चौ. चरण सिंह को सम्पूर्ण विश्व में किसान मसीहा की संज्ञा दी गई है और उनके पुत्र मा. चौ. अजित सिंह उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए पिता की रीतियों और नीतियों का ही प्रचार-प्रसार करने के साथ साथ किसान केन्द्रित राजनीति की ही अगुवाई कर रहे हैं।

यहां तक की पूर्ववर्ती अटल जी की सरकार में किसानों पर आयकर जैसी कुरीति को लागू कराने के विरोध में अजीत सिंह ने केन्द्रीय कृषि मंत्री पद से त्याग पत्र दे दिया था। इससे यह सिद्ध होता है कि किसानों के हक की लडाई केवल राष्ट्रीय लोकदल सड़क से संसद तक लड़ता है और लड़ता रहेगा।

Anil Kapoor