BJP को नहीं है लोकतंत्र में आस्था, पार्टी की चाल है कि पूरा तंत्र लोक के हाथों से निकल जाए

punjabkesari.in Friday, Jul 30, 2021 - 09:54 AM (IST)

लखनऊसमाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर लोक पीछे और तंत्र हावी रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र खतरे में है। यादव ने कहा कि बीजेपी को लोकतंत्र में जरा भी आस्था नहीं है और उसकी चाल है कि पूरा तंत्र ही लोक के हाथों से निकल जाए।

बृहस्पतिवार को डॉक्टर राममनोहर लोहिया सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा के छल से लोकतंत्र को बचाने की दिशा में लोक की आवाज को कुचलने के प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाने का काम सपा को करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं का दायित्व इसलिए बड़ा है कि उत्तर प्रदेश ही देश की राजनीति की दिशा तय करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कारण संवैधानिक संस्थाओं को भी क्षति पहुंच रही है, उन्हें कमजोर किया जा रहा है। वह निर्वाचन की निष्पक्षता को भी प्रभावित करने की साजिश करती है।

यादव ने आरोप लगाया, '' भाजपा अफवाहों के सहारे झूठ फैलाती है, भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की रणनीति बनाने में जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर उसका कुप्रचार तंत्र चलता रहता है। सोशल मीडिया में कई भाजपाई समाजवादी पार्टी के समर्थक बनकर समाजवादी पार्टी के विरुद्ध अभद्र टिप्पणियां करते हैं और बेबुनियाद कुप्रचार करने की साजिशों में लगे रहते हैं। सपा कार्यकर्ताओं को भाजपा की इन गतिविधियों से सावधान रहना है।''

Content Writer

Moulshree Tripathi