UP कांग्रेस दफ्तर से बरामद हुए BJP के झंडे: पार्टी ने कहा- शरारती तत्वों की हरकत…यूजर बोले; खेला हो गया

punjabkesari.in Sunday, Jul 24, 2022 - 07:34 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लखनऊ स्थित दफ्तर के एक कमरे से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे बरामद किए जाने के बाद हड़कंप मच गया। पार्टी इसे शरारती तत्वों की हरकत करार दे रही है। वहीं विडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने कहा कि खेला हो गया।

कांग्रेस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार को पार्टी राज्य मुख्यालय के मुख्य भवन की तीसरी मंजिल पर बने एक कमरे में भाजपा के कुछ झंडे रखे पाए गए। उन्होंने बताया कि वे झंडे किसने और क्यों रखे, इसकी जांच की जा रही है। कांग्रेस के पूर्व नेता जीशान हैदर ने राजधानी लखनऊ के माल एवेन्यू इलाके में स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर से भाजपा के झंडे बरामद होने का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया है। हैदर को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को पद से हटाने की मांग करने के लिये अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने इस घटना को शरारती तत्वों की हरकत बताया है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी यूजर कांग्रेस से वही सवाल पूछ रहे हैं जिसका जवाब कांग्रेस खुद भी ढूढ़ रही है कि आखिर भाजपा का झंडा पहुंचा कैसे? एक यूजर ने रिप्लाई में लिखा "हाहाहा, खेला हो गया।" एक अन्य यूजर ने लिखा "हो सकता है 100 साल पहले ये भी बीजेपी का दफ्तर रहा हो जिस तरीके से कुछ लोग कहते हैं कि मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाई गई।"

Content Writer

Mamta Yadav