भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में PDA समाज के साथ भेदभाव किया: अखिलेश बोले- ‘बीजेपी कार्यकर्ता बन चुकी पुलिस’

punjabkesari.in Sunday, Oct 27, 2024 - 05:15 AM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की नकारात्मक कार्य प्रणाली से उत्तर प्रदेश की छवि खराब हो रही है। यादव ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में पीडीए समाज के साथ भेदभाव किया है। अब पीडीए भाजपा के खिलाफ एकजुट हो गया है तो भाजपाई घबराई हुई है। भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने पीडीए समाज के साथ पीडीए अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ भी हर स्तर पर भेदभाव कर रही है। इस सरकार में जितना अन्याय हुआ उतना कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में झूठ और लूट के अलावा कुछ नहीं है। किसानों नौजवानों की समस्याओं का इस सरकार के पास कोई हल नहीं है। भाजपा सरकार ने द्वेष भावना के चलते समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों को बर्बाद कर दिया। यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश के रूप में जाना जाता था। सड़कें, पुल, स्टेडियम, पार्क अस्पताल मेडिकल कॉलेज बन रहे थे, लेकिन आज भाजपा की द्वेश की राजनीति के चलते उत्तर प्रदेश में दंगे, बवाल हो रहे हैं। अन्याय, अत्याचार की पराकाष्ठा है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की पुलिस को भी बर्बाद कर दिया है। पुलिस का राजनीतिकरण कर दिया गया है। पुलिस- प्रशासन भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने लगा है। कानून व्यवस्था और विकास को छोड़कर पुलिस प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष के खिलाफ साजिश और षडयंत्र में जुटा रहता है। देश में सबसे ज्यादा पुलिस कस्टोडियन डेथ उत्तर प्रदेश में हो रही है। सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर उत्तर प्रदेश में हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static