भाजपा सरकार बनते ही गुंडे हो जाएंगे भूमिगत: केशव मौर्य

punjabkesari.in Wednesday, Feb 22, 2017 - 06:04 PM (IST)

बलरामपुरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने आरोप लगाया है कि सूबे में गुंडाराज कायम है लेकिन भाजपा सरकार बनते ही गुंडे भूमिगत हो जाएंगे।मौर्य ने आज जिले के उतरौला और गैसडी क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के कई जिलों में जाली नोट का बड़ा जाल फैला है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही यहां कानून का राज होगा।

सपा नेता दे रहे अपराधियों को सरक्षण
मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी(सपा) के नेताओं को अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही यहां कानून का राज होगा और अपराधी प्रदेश छोडकर भाग जाएंगे या भूमिगत हो जाएंगे। 

सपा और बसपा प्रदेश के लिए है कैंसर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों प्रदेश के लिए कैंसर की तरह हैं। दोंनो पार्टियों ने प्रदेश को लूटने में कोई कसर नहीं छोडी। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा को बहुमत दे ताकि इस कैंसर की बीमारी से निजात पाया जा सके। उन्होंने अखिलेश सरकार पर लखनऊ मेट्रो और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे मेें घोटाला किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इसकी जांच करवाई जाएगी।  भाजपा प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार लाने की हर संभव कोशिश कर रही है और आगे भी करेगी।

किसानों को नया कर्ज बिना ब्याज के दिया जाएगा
किसानों का पुराना कर्ज माफ किया जाएगा और नया कर्ज बगैर ब्याज के दिया जाएगा। अवैध कत्लखानों को बन्द किया जाएगा । उन्होंने कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नकल कर रही है। भाजपा सरकार में सेना का मनोबल बढ़ा है।  उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की ।