महापंचायत से पहले नरेश टिकैत का बड़ा आरोप- UP में 2013 का सांप्रदायिक दंगा BJP सरकार ने कराया था

punjabkesari.in Thursday, Sep 02, 2021 - 10:37 AM (IST)

शामली: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में 5 सितंबर को होने वाली महापंचायत से पहले जगह-जगह किसान संगठनों द्वारा पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को गांव भैंसवाल में एक पंचायत को संबोधित करने पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने बड़ा बयान देते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि 2013 के दंगे में बीजेपी का हाथ रहा है। उसने हम किसानों को बांटने का काम किया है। लेकिन अबकी बार ऐसा नहीं होगा।


बता दें कि 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन सहित 40 संगठनों ने मिलकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले एक महापंचायत का आयोजन रखा है। यह महापंचायत आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव की रणनीति भी तय करेगी। इस महापंचायत से पहले किसानों का हर संगठन अलग अलग तरीके से अपने यहां पर पंचायत कर 5 तारीख की महापंचायत को सफल बनाने में जुटा हुआ है। वहीं बुधवार शामली जनपद के गांव भैंसवाल में एक पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत में ताम्बेदार खाप व बत्तीसा खाप सहित अन्य खापों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी थामिल हुए। जहां टिकैत ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

हालांकि बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए टिकैत ने यह भी कहा कि हमने भी खुद बीजेपी सरकार को वोट दिया था। लेकिन हमारे साथ अंधविश्वास हुआ है अब किसी पर भी आंख बंद करके विश्वास नहीं करना है। अब किसानों की महापंचायत सरकार की आंखें खोलने का काम करेगी। हम प्रधानमंत्री के सिर को झुकाना नहीं चाहते हैं लेकिन हम यह भी नहीं चाहते हैं कि किसानों का सिर झुके। वहीं उन्होंने 2013 में हुए दंगे को बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है कि 2013 में बीजेपी ने हम किसानों को बांटने का काम किया था। हम लोगों में फूट डाली थी और सांप्रदायिक दंगा कराया था। वहीं इस दंगे से हमें और किसान संगठनों को काफी नुकसान हुआ है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने अपनी घिनौनी सोच से किसानों को बांटने का काम किया था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। किसान अब ऐसे बहकावे में नहीं आएगा।

Content Writer

Umakant yadav