BJP सरकार की नीतियां भारत को कर रही कमजोर: नरेश उत्तम

punjabkesari.in Tuesday, Apr 24, 2018 - 09:42 AM (IST)

मुरादाबादः समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की नीतियां भारत को कमजोर कर रही हैं। आर्थिक विषमता से प्रदेश का माहौल गड़बड़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि दूसरा बजट पेश करने के बाद भी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए कोई भी नया काम नहीं हो रहा है। जो काम समाजवादी पार्टी की सरकार में अखिलेश यादव ने किए थे, उन्हीं कामों पर भाजपा सरकार अपनी प्लेट लगाकर अपनी पीठ थपथपाने का काम कर रही है। लगातार आतंक फैलाया जा रहा है, लोगों में दहशत का माहौल है। दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। कानून व्यवस्था चरमरा गई है।

सपा-बसपा के नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं को कीड़े-मकोड़े की संज्ञा दिए जाने पर उन्होंने कहा कि "जिस तरह से अपमानित भाषा प्रयोग किया जा रहा है, वह लोकतंत्र के लिए अच्छी बात नहीं है। हम अभी 2 दल मिले हैं, जबकि बीजेपी 45 पार्टियों का गठबंधन है। एक दल से गठबंधन हो गया तो बीजेपी इस गठबंधन के खिलाफ कीड़े मकोड़े की संज्ञा देने लगी और खुद 45 दलों का गठबंधन चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। यहां तक कि उच्च न्यायालय के न्यायधीश ने कहा है कि यूपी की कानून व्यवस्था धवस्त है। इससे ज्यादा लोकतंत्र को परेशानी कभी नहीं हो सकती, इस पर विचार करने की जरूरत है। बता दें कि, सपा प्रदेश अध्यक्ष पटेल पार्टी के एक सम्मलेन में शामिल होने मुरादाबाद पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने यह सब बातें कहीं। 
 

Deepika Rajput