जनता को भ्रमित करने का तानाबाना बुन रही भाजपा सरकार: अखिलेश

punjabkesari.in Sunday, Jul 25, 2021 - 07:25 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि साढ़े चार वर्ष में भाजपा सरकार ने समाजवादी विकासकार्यों के सहारे ही बिता दिए। कोई काम न धाम बस सत्ता की मदहोशी में पड़े रहे। अब जनता में अपनी कारगुजारियों के प्रति व्यापक आक्रोश को देखते हुए भाजपा सरकार बदहवाशी में ऊटपटांग घोषणाएं करके जनता को भ्रमित करने का तानाबाना बुन रहे हैं, लेकिन भाजपा को इस सबसे कुछ हासिल होने वाला नहीं है। यादव ने कहा कि सच तो यह है कि प्रदेश में भाजपा सरकार की गिनाने लायक एक भी उपलब्धि नहीं है। विकास अवरुद्ध है पर समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर भाजपा सरकार का झांसा जारी है। भाजपा की यह धोखेबाजी भारतीय राजनीति को शर्मिन्दा करती है। 

भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के चलते कोरोना महामारी के दौरान हजारों जाने चली गई। लोगों को न बेड मिले, न ऑक्सीजन, दवाओं की कालाबाजारी होती रही। प्रशासन पंगु बना रहा। समाजवादी सरकार में रायबरेली और गोरखपुर में एम्स की स्थापना के लिए मुफ्त जमीन दी गई थी, जिसे भाजपा सरकार ढंग से चालू नहीं कर सकी। लखनऊ में कैंसर अस्पताल समाजवादी पाटर्ी ने बनवाया, भाजपा राज में उसकी उपेक्षा हुई। समाजवादी सरकार के समय उरई (जालौन), कन्नौज, आजमगढ़, सहारनपुर, बदायूं, बांदा, शाहजहांपुर, बस्ती, बहराइच, फिरोजाबाद, फैजाबाद आदि जनपदों में एक दर्जन से ज्यादा मेडिकल कॉलेजों की स्थापना हुई थी। मुख्यमंत्री का 32 मेडिकल कॉलेज देने का दावा पूरी तरह सत्य से परे है। 16 जनपदों में तो मेडिकल कॉलेजों की रूपरेखा ही संदिग्ध है। समाजवादी सरकार के समय अस्पतालों में 9 हजार बेड की व्यवस्था की गई थी जबकि भाजपा सरकार में एक भी बेड की व्यवस्था नहीं की गई। कोरोना की तीसरी लहर आने की चर्चाएं है जो पहले से भी ज्यादा घातक होने की आशंका है। 

Content Writer

Ramkesh