विघटन और नफरत फैलाने का काम कर रही BJP सरकार: अखिलेश

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2020 - 12:17 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रीअखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार के तीन साल के कार्यकाल में एक भी अस्पताल का निमार्ण नहीं हो सका है। ना ही मेडिकल कॉलेज में सीट बढ़ी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार सिर्फ सपा शासन काल में हुए कामों को अपना काम बता रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को काम करने का अभ्यास ही नहीं है। उन्हें तो विघटन और नफरत फैलाना है। भाजपा का एजेंडा है कि जब बिना काम किए ही काम बन जाता है और वोट हासिल किया जा सकता है तो विकास कार्यों में समय और श्रम खपाने की क्या जरूरत है ?

बता दें कि कानपुर में सपा विधायक पेयजल की समस्या को लेकर पांच दिनों से धरना दे रहे हैं। उनके साथ कई पार्षद भी हैं जो संघर्ष में साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोग पानी को तरस रहे है। इसके लिए विधायक को धरना देने के लिए विवश होना पड़ा। बाराबंकी के दरियाबाद क्षेत्र के मेडिकल स्टूडेंट अगस्त्य पटेल से सपा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा पर चर्चा की। अगस्त्य पटेल बांदा के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनेगी। बूथस्तर तक तैयारियां की जा रही है।

उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में नौजवानों के सामने आ रही कठिनाइयों के बारे में बताया। अखिलेश ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और 2022 में जीत के लिए अभी से बूथस्तर तक तैयारियां करने पर जोर दिया। सभी ने विश्वास दिलाया कि वे 2022 में सपा सरकार बनाने में कुछ उठा नही रखेंगे।

समाजवादी सरकार में आजादी के बाद एमबीबीएस की 500 सीटों कीं वृद्धि की गई। नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कराए। बदायूं और जौनपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना एवं नोएडा में प्रथम पोस्ट ग्रेजुएट सुपर स्पेशियलिटी बाल चिकित्सालय एवं शैक्षणिक संस्थान तथा ग्रेटर नोएडा में चिकित्सा विश्वविद्यालय की स्थापना के निर्णय सपा सरकार में लिए गए थे। जब कि योगी सरकार में एक भी मेडिकल कॅालेज की स्थापना नहीं हुई है। 

Edited By

Ramkesh