मंत्री के बेटे की जमानत पर बोले शिवपाल- भाजपा ने हमेशा अराजक तत्वों को दिया संरक्षण

punjabkesari.in Saturday, Feb 12, 2022 - 12:40 PM (IST)

इटावा: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार के लिए इटावा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।  शिवपाल ने कहा लखीमपुर खीरी में किसानों पर गाड़ी चढ़ने वाले मंत्री के बेटे की रिहाई से साफ पता चलता है कि  भारतीय जनता पार्टी हमेशा अपराधियों को संरक्षण देती है।



उन्होंने कहा कि जब देश का पीएम और गृह मंत्री संरक्षण दे रहे है तो किसानों को न्याय नहीं मिल सकता है। यादव ने कहा विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का सफाया होने जा रहा है। इटावा में तीनों सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। भाजपा के प्रत्याशियों की जमानत जब्त होगी।  एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिजाब पर रोक लगाना अधिकार का हनन  है। भाजपा इस मामले पर राजनीति कर रही है। जब अधिकारों का हनन होगा तो फिर लोकतंत्र कहा रह जाएगा। 



उन्नाव कांड पर उन्होंने सपा का बचाव करे हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग अफवाह फैला रहे है। इसमें भाजपा के लोग शामिल है।  शिवपाल ने कहा हमने अखिलेश को अपना नेता मान लिया है। विधान सभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। 

Content Writer

Ramkesh