BJP ने साधु-संतो का हमेशा किया सम्मान,  बोले सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 13, 2022 - 06:41 PM (IST)

देवरिया: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और देवरिया के सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी ने गुरुपूर्णिमा के अवसर पर महर्षि देवरहा बाबा के आश्रम मईल में कहा कि भाजपा ने हमेशा से साधु और संतों का सम्मान किया है।       

बरहज तहसील क्षेत्र के मईल में आज गुरूपूर्णिमा के अवसर पर सांसद त्रिपाठी ने देवरहा बाबा के आश्रम पर पहुंच कर संतों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि गुरूपूर्णिमा का पौराणिक महत्व है। हम सभी को अपने गुरूजनों के आदर्श से प्रेरणा लेकर, उनके बताये मार्गों पर चलना चाहिए। गुरु पूर्णिमा को किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने पूरे देवरिया जिले में गुरुद्वारों, मठ- मंदिरों में जाकर साधु- सन्त महात्माओं का पूजन कर उनको सम्मानित किया।       

इस अवसर पर शहर के नई कालोनी स्थित गुरुद्वारा में जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश तिवारी और किसान मोर्चा अध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने ग्रन्थि दामोदर सिंह को अंगवस्त्र, पुस्तक और तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष तिवारी ने कहा कि संतो ने समाज को सदमार्ग पर चलने का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा पूरे देश मे साधु संतों का सम्मान करके सन्त समाज के आदर्शो को आम जनमानस तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर देवरिया के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

Content Writer

Mamta Yadav