BJP ने UP के बूथ अध्यक्षों से की संवाद, कोविड-19 को लेकर ली अपडेट

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2020 - 12:08 PM (IST)

लखनऊः एक तरफ पूरी दुनिया कोरोना वायरस से जंग लड़ रही है। लिहाजा पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव भी सर पर है। कोरोना संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी  इसकी भी तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में BJP ने अपनी प्राथमिक इकाई बूथ के अध्यक्षों से संवाद का अभियान शुरू किया है।

बता दें कि BJP ने लगभग 1 लाख 45 हजार बूथों पर प्राथमिक इकाइयों का गठन किया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बूथ अध्यक्षों से ब्रिज कॉल के माध्यम से संवाद किया। BJP का यह अभियान 14 मई तक चलेगा।

कोराना काल में BJP द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों को लेकर बूथ अध्यक्षों से संवाद के सिलसिले में प्रदेश अध्यक्ष ने झांसी महानगर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने लखनऊ महानगर, महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने शामली और अमरोहा के बूथ अध्यक्षों से संपर्क किया। नेताओं ने पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सेवा अभियान में बूथ स्तरीय कार्यकताओं की भूमिका और योगदान की सराहना की साथ ही साथ जमीनी हकीकत का फीड बैक भी लिया।

उम्मीद है कि साल के अंत तक पंचायत चुनाव होंगे। जिसे देखते हुए पार्टी ने अपनी प्राथमिक इकाई को टारगेट किया जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़े। एक तरह से बूथ अध्यक्षों से संपर्क पार्टी की संगठनात्मक समीक्षा है। कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन पूरी तरह हो रहा है या नहीं। इस बात का भी अपडेट लिया जा रहा है कि उनके क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों की वर्किंग कैसी है. गरीबों तक राशन, उनके बैंक खातों में पैसे पहुंच रहे हैं कि नहीं। इसके अलावा गरीबों के राशन कार्ड के फार्म भरे जा रहे हैं या नहीं।

 

Author

Moulshree Tripathi