भूमाफिया को प्रश्रय देने वाला एक ''राजनीतिक गिरोह'' है भाजपा : अखिलेश यादव

punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 09:01 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भूमाफिया को प्रश्रय देने वाला एक 'राजनीतिक गिरोह' होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राज्य सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, "भाजपा एक राजनीतिक गिरोह है। भाजपा में अपराधियों की भरमार है। वह भू माफियाओं को प्रश्रय देती है। भाजपा के लोग सरकारी और गरीबों की जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं।"

'उत्तर प्रदेश अराजकता की गिरफ्त में है'
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया, "भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अराजकता की गिरफ्त में है। अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग में भ्रष्टाचार है। हर कार्य में लूट चल रही है। भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है। आम जनता त्रस्त है। शिक्षा, स्वास्थ्य व बिजली कानून व्यवस्था सब बर्बाद हो चुकी है।" यादव ने कहा, "भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग स्वदेशी को लेकर बड़ी-बड़ी बाते करते है। संघ प्रमुख केन्द्र सरकार को स्वदेशी अपनाने की बात क्यों नहीं कहते? आज देश का पूरा बाजार चीनी सामानों से पटा हुआ है। इसके लिए केन्द्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। 

'भाजपा का आचरण अलोकतांत्रिक है'
अखिलेश यादव ने कहा, केन्द्र सरकार चीनी सामानों को रोककर स्वदेशी उत्पादों को अवसर क्यों नहीं दे रही है? केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों की प्राथमिकता में स्वदेशी क्यों नहीं है?" उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है और इसकी आर्थिक नीतियां पूरी तरह असफल है तथा भाजपा की कथनी करनी विरोधाभासी है और जनता भाजपा की सच्चाई जान चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “केन्द्र की 11 वर्ष और प्रदेश की नौ वर्ष की भाजपा सरकार में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश में केन्द्र और प्रदेश सरकार मिल कर अब भी समाजवादी सरकार में किए गए विकास कार्यों का फीता काट रही है। भाजपा का आचरण अलोकतांत्रिक है।" 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static