‘गोरखपुर व फूलपुर उपचुनाव में हुई हार से बौखला गई है BJP’

punjabkesari.in Wednesday, Apr 25, 2018 - 10:20 AM (IST)

इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के फूलपुर लोकसभा सीट से सपा के नव निर्वाचित सांसद नागेन्द्र सिंह पटेल ने कहा है कि उपचुनाव में हुई हार से भाजपा बौखला गई है। पटेल ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 73 प्लस के दावे को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा को वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में फूलपुर और गोरखपुर हुए उपचुनाव जैसी हार मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा फूलपुर और गोरखपुर उपचुनाव में हार का दंश झेल नहीं पा रही है। भाजपा नेता उल जलूल बयानबाजी कर अपने मन को दिलाशा दे रहे है।

सपा सांसद ने बातचीत में कहा कि सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन से भाजपा डर गई है। चुनावों में जनता से किए गए वायदे पूरे नही किए। गठबंधन के डर से भाजपा नेता परेशान है। पटेल ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले बसपा के लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया था। कहा था कि सपा और बसपा का गठबंधन हुआ है लेकिन मतदाता सचेत है, गठबंधन के साथ नहीं जाएगा।

नवनिर्वाचित सांसद ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में न्याय की उम्मीद करना अपने आप से बेइमानी है। बेहतर कानून व्यवस्था का दावा करने वाली भाजपा के सामने बहुचर्चित उन्नाव का बलात्कार कांड ताजा उदाहरण है जिसमें पीड़िता के पिता को ही दोषी ठहराकर जेल में बंद कर दिया गया। उसे इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। चारों ओर लूट, बलात्कार और हत्या का बोलबाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कार के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को प्रदेश सरकार लगातार बचाती रही लेकिन उच्च न्यायालय के संज्ञान में लेने के बाद मामला सीबीआई के पास गया। इसीलिए आम लोगों का विश्वास न्यायपालिका के प्रति बरकरार है।  उन्होंने कहा कि जनता से कोरे वादे कर सत्ता तो भाजपा ने हासिल कर लिया लेकिन वादों को धरातल पर साकार नहीं किया जा सका। जनता ने एक भाजपा को देख लिया है।

उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ जनता ने भाजपा को देश और प्रदेश की बागड़ोर सौंपी थी वही उन्हें आगामी चुनाव में पदच्युत भी करेगी। बस इन्तजार है तो समय का। सांसद ने कहा कि विदेशों में जमा काला धन लाने, युवाओं को रोजगार देने, अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण का वादा कर सरकार बनाने वाली भाजपा सभी मुद्दों पर फेल हो चुकी है। देश और प्रदेश में जो भी विकास कार्य हो रहा है सब सपा कार्यकाल के काम हैं जिनका श्रेय भाजपा ले रही है।

Anil Kapoor