समाज को बांटने की राजनीति कर रही है BJP: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Tuesday, Jun 13, 2017 - 01:52 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा समाज को बांटने और नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। वह विकास को साम्प्रदायिकता के चश्मे से देखना चाहती है।

यादव पार्टी मुख्यालय लखनऊ में एकत्र कार्यकर्त्ताओं एवं लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि उन्होंने देश के गरीबों, किसानों, पिछड़ों और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए क्या किया है। नोटबंदी से बेकारी बढ़ी, उद्योग-धंधे ठप्प हुए और किसान बदहाल हुआ। अल्पसंख्यक दहशत में हैं।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कामकाज पर कहा कि अब तक जनहित की कोई नई योजना की शुरूआत तक नहीं की है। जो योजनाएं समाजवादी सरकार ने चलाई थीं उनका ही नाम बदलकर अपनी विकास योजना बताना कहां की नैतिकता है। भाजपा सरकार छात्रों पर दमनचक्र चला रही है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति चौपट है। भाजपा सरकार कुछ तो करे ताकि विकास हो और जनहित के काम आगे बढ़ सकें।