भाजपा दुनिया का सबसे विशाल और विश्वसनीय दल : CM योगी

punjabkesari.in Monday, Apr 16, 2018 - 07:26 PM (IST)

लखनऊः भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल और विश्वसनीयता का प्रतीक बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केन्द्र और भाजपा शासित राज्यों में विकास और सुशासन की बदौलत पार्टी लोकप्रियता के नए आयाम गढ़ रही है। योगी विधान परिषद के उम्मीदवारों को नामांकन करने से पहले सम्मानित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि आठ-नौ महीने पहले विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर कुछ विपक्षी दलों के लोगों ने उनके और उनके साथियों के लिए सीट छोड़ी थी। भाजपा ने उन लोगों को फिर से विधान परिषद का उम्मीदवार बनाकर विश्वसनीयता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सीट छोडऩे वालों को फिर से उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थापित किया है। उम्मीद है कि यह सभी उसके प्रखर सिपाही बनकर आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के प्रति आभार जताया।  

योगी ने कहा कि विधान परिषद का सदस्य बनकर यह सभी पार्टी के मूल्यों और आदर्शों का अनुसरण करते हुए उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे।  इस अवसर पर योगी ने विधान परिषद के उम्मीदवार विजय बहादुर पाठक, मोहसिन रजा, विद्यासागर सोनकर, यशवंत सिंह, बुक्कल नवाब, अशोक धवन, आशीष पटेल, अशोक कटारिया, जयवीर सिंह, सरोजिनी अग्रवाल और डा़ महेन्द्र सिंह को माला पहनायी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र पाण्डेय और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उम्मीदवारों को उत्साह बढ़ाया। 

गौरतलब है कि बुक्कल नवाब, जयवीर सिंह, सरोजिनी अग्रवाल और यशवंत सिंह ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा और मोहिसन रजा विधान परिषद पहुंचे थे। इन उम्मीदवारों में से एक आशीष पटेल अपना दल (अनुप्रिया पटेल गुट) से हैं। उन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है।  

Ruby