विपक्ष के प्रति बदले की भावना से काम कर रही है BJP: अखिलेश

punjabkesari.in Friday, Oct 19, 2018 - 11:20 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सत्ता का इस्तेमाल अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए कर रही है और विपक्ष के प्रति वह बदले की भावना से काम कर रही है।

अखिलेश ने एक बयान में कहा है कि भाजपा सरकार का जोर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति विद्वेष पूर्ण प्रचार कर उनकी छवि बिगाड़ने पर है। राजनीति में धर्मनिरपेक्ष छवि, कुंभ जैसे महापर्व का कुशल संचालन तथा जौहर विश्वविद्यालय जैसी संस्था की स्थापना से चिढ़े हुए भाजपा नेता मो. आज़म खान को बदनाम करने और राजनीतिक उत्पीड़न करने की साजिश कर रहे है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में आज़म खान को कुंभ के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई थी और उन्होने कुंभ के आयोजन को सफलता पूर्वक सम्पन्न किया। इसकी प्रशंसा विदेशों तक में हुई। कुंभ पर्व पर उन्होंने जनता को तमाम सुविधाएं दी थी। धर्मनिरपेक्षता का इससे बड़ा और क्या प्रमाण हो सकता है। अखिलेश ने खान के जीवन को खतरा बताते हुए उन्हें पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की है तथा बदले की भावना से की गई उनके विरूद्ध दर्ज एफआईआर रद्द की जाए।

समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं के विरूद्ध राजनीति से प्रेरित सभी फर्जी मुकदमे वापस लिए जाए। समाजवादी नेतृृत्व को बदनाम करने की कोशिशों को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा की तमाम साजिशों का मुकाबला करने में समाजवादी पार्टी सक्षम है। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। भाजपा के गलत इरादों का समाजवादी पार्टी पुरजोर विरोध करती है। भाजपा से जनता का विश्वास टूट चुका है। झूठे वादों पर कोई भरोसा नहीं कर रहा है। लोकतंत्र को कमजोर करने की भाजपा की कोशिशे कभी सफल नही हो पाएगी।

Anil Kapoor