इटावा में चुगलखोर की मजार देखने जाएं BJP के नेता: अखिलेश

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2019 - 06:09 PM (IST)

इटावा: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें इटावा में चुगलखोर की मजार को देखने जाना चाहिए। यादव ने सैफई में संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अयोध्या में रामलला का दर्शन ना करने के बारे में सवाल पूछने पर कहा कि भाजपा के लोग चुगलखोर की मजार देखने नहीं आए। ना ही उन्होंने टैक्सी टेंपल या हनुमान मंदिर में दर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान बंटाने की कोशिश कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि यादव ने जिस चुगलखोर की मजार का जिक्र आज किया वह इटावा से करीब 4 किलोमीटर दूर दतावली गांव में है। लोक परंपरा के अनुसार वहां से गुजरने वाला हर मुसाफिर यहां बनी मजार पर पांच जूते मारता है। मान्यता है कि यहां जूते मारने से मुराद पूरी होती है। इससे पहले सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बड़ी साजिश रचने वाले हैं और उनसे सावधान रहने की जरूरत है।

यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के खाते में जो रकम भेज रहे हैं वह खाद की बोरी से कटौती की गई रकम है। उन्होंने बेरोजगारी और अन्य वादे पूरे न करने का आरोप भी भाजपा पर लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से अगर युद्ध होता है तो चीन से ज्यादा सावधान रहना होगा क्योंकि उसने वहां काफी पैसा लगाया है।

Anil Kapoor