BJP विधायक सुरेंद्र सिंह का बड़ा बयान, कहा- 2019 के लोकसभा चुनाव में होगा राजनीतिक धर्मयुद्ध

punjabkesari.in Sunday, May 06, 2018 - 02:38 PM (IST)

बलियाः बलिया के बैरिया क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज के चुनावों का जो स्वरूप हो गया है, उसमें जो अत्याचारी और भ्रष्टाचारी हैं वो एक तरफ हो गए हैं। वहीं जो ईमानदार राजनीतिक करने वाले लोग हैं, वो मोदी जी के नेतृत्व में एक तरफ हैं।

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राजनीतिक धर्मयुद्ध होगा। कृष्ण की भूमिका में मोदी होंगे और कौरव पक्ष के रूप में राहुल या मायावती या लालू होंगे। एक तरफ नैतिकता लड़ेगी और एक तरफ लोगों का दमन करने वाले लोग लड़ेंगे।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका भारत और भारतीयता से कोई जुड़ाव नहीं है। राहुल में राजनीतिक क्षमता का अभाव है। वह कांग्रेस के आखिरी अध्यक्ष साबित होंगे।  उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के बाद भारत कांग्रेस मुक्त हो जायेगा और जिस दिन भारत से कांग्रेस का पराभव हुआ, राहुल भारत छोड़ इटली के वासी हो जायेंगे। 

Tamanna Bhardwaj