कोरोना महामारी के बीच विवादित बयान देना BJP विधायकों को पड़ा भारी, पार्टी ने थमाई नोटिस
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2020 - 01:35 PM (IST)

लखनऊ: कोरोना महामारी ने उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से अपना पैर ससार लिया है। दिन-प्रतिदिन इससे संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस संकट के समय में भी भारतीय जनता पार्टी के विधायक अपने विवादास्पद बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी क्रम में सीतापुर के भाजपा विधायक राकेश राठौर के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के दो और विधायकों को भी उनके विवादित बयानों के कारण नोटिस दिया गया है। ये देवरिया के बरहज विधानसभा के विधायक सुरेश तिवारी और हरदोई के गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश हैं।
बता दें कि भाजपा के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश पर पार्टी के महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने पार्टी की रीति-नीति के विरुद्ध आचरण कर विवादित बयान देने के कारण सुरेश तिवारी और श्याम प्रकाश दोनों विधायकों को नोटिस दी गई है। पार्टी महामंत्री ने इनसे सात दिन के अंदर नोटिस का जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक न होने पर दोनों विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब हो कि गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने हरदोई के सीएमओ को पत्र लिखकर उनसे विधायक निधि पर आपत्तिजनक बातें की थीं तो वहीं बरहज विधानसभा के विधायक सुरेश तिवारी ने विशेष संप्रदाय के खिलाफ विवादित बयान दिया था। जिसके लिए इन्हें नोटिस दी गई है।