कर्मचारियों और अधिकारियों में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते उपचुनाव में हारी बीजेपीः सुरेंद्र सिंह

punjabkesari.in Friday, Jun 01, 2018 - 01:34 PM (IST)

बलियाः अपने विवादित बयानों के चलते आए दिन सुर्खियां बटोरने वाले बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने उपचुनाव के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की हार के पीछे भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी हैं। साथ ही विधायक ने दावा किया है कि भले ही भाजपा के बड़े नेता कुछ भी दावा करें, लेकिन भ्रष्टाचार में बहुत ज्यादा सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस हार के पीछे शुद्ध रूप से कर्मचारियों और अधिकारियों में व्याप्त भ्रष्टाचार और समाज को परेशान करने की जो नियत है, उसी के चलते बीजेपी उपचुनाव हारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक तहसील, ब्लॉक और थाने ठीक नहीं होंगे तब तक समाज मे अच्छा संदेश जाने वाला नहीं है। साथ ही कहा कि निश्चित रूप से जितना सुधार समाज में होना चाहिए उतना नहीं हुआ है।

सुरेंद्र सिंह ने बदायू में बीजेपी विधायक पर रेप के आरोप के सवाल पर कहा कि सामाजिक जीवन के किसी कार्यकर्ता पर इस तरह का आरोप लगता है तो ये बेहद निन्दनीय और घिनौना है। नेताओं को अतिरिक्त और विशेष दंड होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज का अगुवा ही भ्रष्ट हो जाएगा, वह चरित्रहीन हो जाएगा तो समाज को कौन बचाएगा। इसलिए ऐसे लोगों का अगर जुर्म प्रमाणित हो जाए तो उन्हें सख्त दंड मिलना चाहिए। 


 

Tamanna Bhardwaj