भाजपा ने यूपी को बना दिया अपराधियों की शरणस्थली: अखिलेश

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2020 - 10:35 AM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार पर उत्तर प्रदेश को अपराधियों की शरणस्थली बना दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराधियों की शरणस्थली बना दिया है।

उन्होंने कहा राज्य में कानून नाम की कोई चीज नही है। सपा सरकार ने राज्य को विकास और शांति-व्यवस्था के मामलों में जिस ऊंचाई पर पहुंचा दिया था भाजपा ने उसको रसातल की ओर धक्का दे दिया है। उन्होंने कहा कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि फरूर्खाबाद के भाजपा सांसद कह रहे है कि मुख्यमंत्री से जिस अधिकारी की शिकायत करो उसी को जांच मिल जाती है। कई विधायक अपनी मायूसी की व्यथा सुनाते रहते हैं। भाजपा की द्वेषपूर्ण राजनीति से प्रदेश में हिंसा को बल मिल रहा है। मुख्यमंत्री के वीवीआईपी जिले गोरखपुर में दिनदहाड़े डबल मडर्र हो गया।

यादव ने कहा कि बलिया में पत्रकार रतन सिंह को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। इनके दो पुत्र हैं। भाजपा राज में इसके पूर्व भी कई पत्रकारों की कर्तव्यपालन के दौरान हत्याएं हुई हैं। आजमगढ़ में बीडीसी सदस्य की गोली मारकर हत्या हुई। सुल्तानपुर में आबकारी सिपाही को गोली मारी गई। बाराबंकी में युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई। गाजियाबाद में युवक को छह गोलियां मारी गई। फैजाबाद में भाजपा नेता की हत्या हुई। लखीमपुर में स्कॉलरशिप फार्म भरने गई 18 साल की लड़की की रेप के बाद हत्या कर दी गई।

उन्होंने कहा कि बागपत में 8वीं कक्षा की दलित छात्रा को अगवाकर उसके साथ गैंगरेप हुआ। उन्नाव में मासूम की गला काटकर हत्या हुई। बिजनौर में एक युवक की और फतेहपुर में भी युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। प्रयागराज में समाजवादी नेता पुनीत पाण्डेय पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ भी अपराध नगरी बनती जा रही है। आए दिन यहां अपराधिक घटनाएं घटती रहती हैं। कबीरमठ के अंदर प्रशासनिक अधिकारी को सुबह करीब 09:00 बजे सोमवार को गोली मारी गई। दो दिन पहले बंथरा में प्रेमी के संग निकली युवती का शव पेड़ से लटका मिला। सीतापुर रोड़ पर एक युवती के अपहरण का प्रयास हुआ। चिनहट के मटियारी क्षेत्र में दो भाइयों ने तीसरे भाई की हत्या कर दी। दुबग्गा में एक कालोनी में पड़ोसी युवक ने मजदूर की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। 

Tamanna Bhardwaj