''टिकट चाहिए तो पत्नी को बदनाम करो'', भाजपा MLA अदिति सिंह का प्रियंका गांधी पर बड़ा आरोप

punjabkesari.in Thursday, Mar 21, 2024 - 07:44 PM (IST)

रायबरेली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर रायबरेली विधायक अदिति सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने कांग्रेस छोड़ी और भाजपा ज्वाइन की तो प्रियंका गांधी ने उन्हें बदनाम करने की साजिश रची थी। अदिति ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी ने उस समय उनके पति अंगद सिंह पर मेरे चरित्र पर लांछन लगाने का दबाव बनाया था। तभी चुनाव में टिकट मिलता। ऐसा पार्टी की तरफ से कहा गया।

अदिति ने कहा कि पंजाब में टिकट बंटवारे के दौरान प्रियंका गांधी ने अंगद के सामने शर्त रखी कि वह अपनी पत्नी अदिति सिंह के कैरेक्टर को लेकर आरोप लगाएं। इसी शर्त पर टिकट दिया जाएगा। पूर्व पति को अदिति के खिलाफ अपमानजनक बयान देने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की गई। बता दें कि अदिति सिंह राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखती हैं। अदिति सिंह के पिता स्व. अखिलेश सिंह 5 बार रायबरेली विधायक रहे। अब उनकी बेटी दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं। वह अब बीजेपी में शामिल हैं।

कौन हैं अंगद सिंह?
रायबरेली में कांग्रेस से राजनीति शुरुआत कर फिर बीजेपी में शामिल हो चुकीं अदिति सिंह ने यह भी बताया कि अंगद सिंह से उनका अब तलाक हो चुका है। अंगद सिंह पंजाब के रहने वाले हैं और यहां की नवांशहर सीट से विधायक थे। अंगद सिंह 2017 में पहली बार विधायक चुने गए थे, उस समय वे कांग्रेस में थे।

Content Editor

Imran