BJP विधायक के विवादित बोल, हिन्दुस्तानी संस्कृति अपनाने वाले मुसलमान ही मुल्क में रह पाएंगे

punjabkesari.in Monday, Jan 15, 2018 - 11:01 AM (IST)

बलिया: बलिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2024 तक ‘हिन्दू राष्ट्र’ हो जाएगा और हिन्दुस्तानी संस्कृति अपनाने वाले मुसलमान ही इस मुल्क में रह पाएंगे। वहीं जब उनके इस बयान पर राजनीति गरमाई तो बीजेपी प्रवक्ता ने इसे सिंह की व्यक्तिगत राय करार देते हुए कहा है कि पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास‘ के सिद्धांत में विश्वास रखती है।

भारत वर्ष 2024 तक ‘हिन्दू राष्ट्र’ हो जाएगा
बता दें कि सुरेंद्र सिंह ने मुसलमानों की देशभक्ति पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि बहुत कम मुसलमान ही राष्ट्रभक्त हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा।

सबका साथ, सबका विकास‘ में विश्वास रखती है बीजेपी
सिंह ने कहा कि हिंदू राष्ट्र बनने पर जो मुसलमान हमारी संस्कृति को आत्मसात करेंगे, वे ही भारत में रह पाएंगे। इस बीच बीजेपी के प्रांतीय प्रवक्ता शलभमणि त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें पार्टी विधायक के बयान के बारे में पता नहीं है। अगर उन्होंने ऐसा कुछ कहा है तो वह उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है।

सभी को साथ लेकर चल रहे हैं मोदी-योगी
त्रिपाठी ने कहा कि बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास‘ के सिद्धांत पर चलते हुए बिना किसी भेदभाव के, सबकी उन्नति के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी को साथ लेकर चल रहे हैं। इसी से भारत मजबूत होगा।