BJP विधायक के फिर बिगड़े बोल- राहुल गांधी रावण और बंगाल व जम्मू कश्मीर है लंका!

punjabkesari.in Sunday, May 13, 2018 - 04:56 PM (IST)

बलियाः बलिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को रावण तक कह डाला और बंगाल व जम्मू कश्मीर को लंका। उन्होंने कहा कि पूरे देश के जितने भी अत्याचार और भ्रष्टाचार करने वाले नेता हैं। सब एक साथ राजनीतिक मंच पर आने वाले हैं। भारतीय राजनीति में इस बार के चुनाव में नया स्वरूप देखने को मिलेगा। एक तरफ बेईमान होंगे तो दूसरी तरफ मोदी के नेतृत्व में प्रबल और पवित्र ईमान होगा। ईमान और बेईमान के बीच लड़ाई होगी। अत्याचारी और सदाचारी के बीच लड़ाई होगी।

सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अगर चुनाव में भारत की जनता मोदी जैसे महान और चरित्रवान नेता का तिरस्कार करती है तो यह मान लीजिएगा कि भारत परमात्मा का देश नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले राजतंत्र था, अब प्रजातंत्र है। नेता ही भगवान है। उन्होंने कहा कि नेता के रूप में मोदी जी एक महान भगवान के रूप में पैदा हो चुके हैं और उनके नेतृत्व में भारत में राम राज्य आएगा।

दरअसल, एक निजी चैनल से बातचीत में सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भारत की धरती पर हमेशा ईमान जीता है और आज मोदी के चरित्र और ईमान के बल पर बीजेपी पुन: जीतेगी। सभी चोर बौने हो जाएंगे। ये 10 दल वाले राजनीतिक रावण बन चुके हैं। इसका नेता राहुल गांधी होगा। वह राजनीतिक रावण के रूप में होगा। 10 मुण्ड में भिन्न-भिन्न दलों के लोग होंगे। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि मोदी के चरित्र और ईमान को भारत की जनता स्वीकार कर रही है।

साथ ही कहा कि 2019 का चुनाव इसी पर लड़ा जाएगा। बीजेपी चुनाव जीतेगी और भारत में राम राज्य स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि पहले लंका सिर्फ एक राज्य था, इसलिए सिर्फ 1 विभीषण की जरूरत थी। यहां पर बंगाल भी लंका है, जम्मू-कश्मीर भी लंका है। तमाम ऐसी जगहें हैं, जहां एंटी नेशनल लोग काम कर रहे हैं, वह लंका का ही स्वरूप है। इसलिए अलग-अलग राज्यों में दर्जनों विभीषण होंगे। जिनके नायक राम होंगे। राज्याभिषेक उनका होगा, उनके बल पर होगा। 

Tamanna Bhardwaj