BJP सांसद के गोद लिए गांव में लगा है गंदगी का अंबार, जीतने के बाद 1 बार पहुंचे यहां

punjabkesari.in Wednesday, Jan 10, 2018 - 12:41 PM (IST)

बिजनौर(हाशिम अहमद): केन्द्र में भाजपा की सत्ता आते ही देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर भारत मे एक नए युग की शुरूआत करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया था। जिसके लिए अलग से एक बजट की व्यवस्था भी की गई थी। जिसमें सांसदों को अपने क्षेत्र मे गांव गोद लेकर स्वच्छता अभियान के लिए एक नजीर पेश करनी थी।

जानकारी के अनुसार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता अभियान को लेकर लाल किले से देश को सम्बोधित करते हुए आलोचनाओं से बेखबर होकर स्वच्छता के बारे में देश को बताया था। जिसके लिए उन्होंने सांसदों से संसदीय क्षेत्रों में गांवों को गोद लेकर सफाई की नजीर पेश करने के लिए कहा था। देश में भाजपा को सत्ता में आए करीब 4 साल होने को है, जिसमें यूपी में भी भाजपा की ही सरकार है। लेकिन जब यूपी के बिजनौर में नगीना संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद डा. यशवंत सिंह के गोद लिए गांव तिसोतरा की हालात का जायजा लिया गया तो इतने दिनों बाद भी गांव की हालत बद से बदतर नजर आई।

दरअसल मामला जिला मुख्यालय बिजनौर से 25 किलोमीटर दूर नगीना लोकसभा के भाजपा सांसद डा. यशवंत सिंह द्वारा गोद लिए गए गांव तिसोतरा का है। जहां पर गंदगी से भरी सड़कें और बदहाल इलाके में लगा बाजार खुद ही इसकी हकीकत बयां कर रहा है। इसके बारे मे जब गांव के प्रधान कामेंद्र् तोमर से जानकारी चाही गई तो प्रधान जी ने बताया कि गोद लेने के बाद गांव मे सांसद जी द्वारा किए गए कार्यों की स्थिति बिल्कुल जीरो है।

भले ही केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार में स्वच्छता के नाम पर करोड़ों खर्च किए जा रहे हो, लेकिन इसकी जमीनी हकीकत आज भी बदलती हुई नजर नहीं आ रही है। जिस पर भाजपा के ही सांसद पलीता लगा रहे हैं। गांव वालों की मानें तो सांसद महोदय ने जीतने के बाद केवल गांव मे एक बार ही औपचारिक दौरा किया है। जिसके बाद वह कभी गांव मे दिखाई भी नहीं दिए।