भ्रष्टाचारी हैं AAP के पदाधिकारी, केजरीवाल करें जेल जाने की तैयारी: BJP सांसद मनोज तिवारी

punjabkesari.in Sunday, Oct 29, 2023 - 05:45 PM (IST)

गोरखपुर: दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के मुखिया सहित सभी नेता भ्रष्टाचारी हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों की जगह जेल में है। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल जाने की तैयारी कर लेनी चाहिए। 

मनोज तिवारी राज्यसभा सदस्य व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डा. राधा मोहन दास अग्रवाल के एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे थे। इस दौरान सांसद ने कहा कि देश व प्रदेश की जनता मोदी और योगी के कार्य से संतुष्ट है। आज केंद्र व प्रदेश सरकार ने गांव-गांव को विकास की मुख्य धारा से जोड़ दिया है। गांव का नौजवान और किसान सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों का लाभ उठा रहा है। जिसका परिणाम आने वाले लोक सभा चुनाव में देखने को मिलेगा। आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा जीतेगी।

मनोज तिवारी ने कहा कि जनता अरविंद केजरीवाल से नाराज है और उन्हें उखाड़ फेंकने को तैयार है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जाने को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवाल पर सांसद ने कहा कि विपक्ष का इसे लेकर जारी होने वाला बयान हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि कभी श्रीराम मंदिर का निर्माण राेकने वाले आज मोदी को मंदिर निर्माण का क्रेडिट नहीं देना चाह रहे। इससे पहले मनोज तिवारी का गोरखपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj