भाजपा सांसद की बेहूदी जुबान-अधिकारियों को दी मां-बहन की गाली

punjabkesari.in Saturday, Apr 30, 2016 - 06:59 PM (IST)

मऊ(जाहिद इमाम): अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले बीजेपी सांसद हरिनारायण राजभर ने आज हद ही पार कर दी। हरिनाराण ने प्रेस वार्ता के दौरान जिले के अधिकारियों को न केवल मां-बहन की  गाली दी बल्कि उन्हें कार्यालय में ही फूंकने की धमकी दे डाली। सांसद की बातें सुनकर भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं के हाथ-पांव फूल गए। 
 
दरअसल जिले में शनिवार को घोसी के सांसद हरिनारायण राजभर प्रेस वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब हम जिले में एक अटूट प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे, चाहे वो अस्पताल हो या फिर डी.आई.डी.। उन्होंने कहा कि पूरा जिला इस समय भ्रष्टाचार का शिकार हुआ है। हम पूरे जिले को भ्रष्टाचार से मुक्त कराएंगे, बस हमें जनता के सहयोग की जरूरत है। जहां भी भ्रष्टाचार है वहां से खत्म कर देंगे। 
 
हरिनाराण ने कहा, ‘‘हम अब जनपद के भ्रष्टाचार के खिलाफ एक आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। अधिकारियों को मां-बहन की गाली देते हुए कहा कि ये अधिकारी 200 हैं और जनता 2 लाख है, वो कुछ नहीं कर पाएंगे, हमें बस आपकी मदद चाहिए। अगर हम लोग मिल जाएं तो उनके कार्यालय को भी फूंक सकते हैं।’’ साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारी गाली और मार खाने के लिए ही होते हंै। ये सुनकर भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ता के हाथ-पांव फूल गए।