BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने की मोदी सरकार की जय-जयकार, किसानों के सवाल पर चुप्पी साध आगे बढ़े

punjabkesari.in Saturday, Dec 12, 2020 - 04:50 PM (IST)

झांसी: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के शनिवार को पहली बार वीरांगना नगरी झांसी पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। यहां राजकीय संग्रहालय में मंडल प्रभारियों के साथ राधा मोहन की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें शिरकत करने वह वीरांगना नगरी सुबह शताब्दी से पहुंचे।

इस बैठक में सम्मिलित होने से पूर्व पत्रकारों से रूबरू होते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मोदी सरकार की जय जयकार तो खूब की लेकिन किसानों के सवाल पर कन्नी काट गये। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पिछले 100 साल में यह पहली बार देखने को मिला है कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है। बिहार के चुनाव, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उपचुनाव इस बात का प्रमाण हैं कि लोग भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को किस कदर पसंद कर रहे हैं। यह मोदी सरकार के द्वितीय कार्यकाल का प्रथम वर्ष है जिसमें इतनी उपलब्धियां देखने को मिल रही हैं।                            

सरकार के इस उपलब्धि गान के बाद जब पत्रकारों ने किसानों के मुद्दों पर तीखे सवाल दागे तो वह सवालों से पूरी तरह दरकिनार करते हुए बैठक के लिए बढ़ गये। इस बैठक में वह कार्यकर्ताओं और पार्टी के नेताओं से कई विषयों पर चर्चा करेंगे और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने के लिए भी बातचीत की जाएगी।                            

इससे पहले स्टेशन पर गाड़ी से उतरते ही जहां एक ओर कार्यकर्ताओं के बीच कोरोना प्रोटोकॉल को दरकिनार कर उनके निकट जाने की होड़ मच गयी तो दूसरी ओर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी लोगों को हटाते नजर आए। प्रदेश प्रभारी ने तो उनके पैरों को छूने का प्रयास किया लेकिन उन्हें भी परे हटा दिया गया। यहां तक कि जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को भी माला पहनाने से मना कर दिया गया। कुल मिलाकर प्रदेश प्रभारी कोरोना की दहशत में दिखे।

Umakant yadav