BJP अध्यक्ष ने दिल्ली हिंसा के लिए राहुल गांधी को ठहराया जिम्मेदार, कह डाली ये बड़ी बात

punjabkesari.in Friday, Jan 29, 2021 - 10:08 AM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई दिल्ली हिंसा के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया है। सिंह ने गुरूवार को मां शाकुम्बरी देवी के दर्शन और पूजापाठ करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दिल्ली में हुई हिंसा के लिए राहुल गांधी जिम्मेदार है। उन्होंने कांग्रेसियों को दिल्ली में हुए किसान आंदोलन में भेजा और कम्युनिस्टों,नक्सलियों और माववादियों ने सड़कों पर उतार कर अराजकता फैलाई। लाल किला पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया और किसानों के बेटों, पुलिसकर्मियों एवं सेना के जवानों पर हमले किए।

उन्होंने कहा कि 2 महीनों से भी ज्यादा अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत किसानों से केन्द्र सरकार लगातार संपर्क बनाए हुई थी लेकिन उस आंदोलन का इस्तेमाल कांग्रेस ने अपने राजनैतिक फायदे के लिए किया और दिल्ली की स्थिति को बिगाड़ने का काम किया। दुनिया भर में भारत की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने का काम किया। प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि अराजक तत्वों और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

बीती रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, मेरठ प्रांत के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के साथ सहारनपुर पहुंचे सिंह ने शहीद निशांत शर्मा के आवास पर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। उसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, महानगराध्यक्ष राकेश जैन, आयुष राज्यमंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी और पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के संग बैठक कर चुनाव तैयारियों का फीडबैक लिया और पार्टी की रणनीति से भी अवगत कराया। स्वतंत्रदेव ने कहा कि भाजपा अपने बलबूते पर पूरी ताकत से पंचायत चुनावों को लड़ेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static