BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- सैनिकों का मनोबल तोड़ने में दिन-रात जुटी है कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2020 - 11:42 AM (IST)

लखनऊ: सरहद पर चीन से भारत की तनातनी के बीच भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर देश के सैनिकों का मनोबल तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि अगर उसे विपक्ष की जिम्मेदारी नहीं पता तो वह भाजपा से ‘ट्यूशन’ ले ले।

देश की एक-एक इंच धरती और सीमा सुरक्षित और मजबूत: नड्डा
बता दें कि नड्डा ने रविवार शाम प्रदेश के पश्चिम तथा ब्रज क्षेत्र की वर्चुअल 'जनसंवाद रैली' को सम्बोधित करते हुए कहा  कि, “मैं देश को आश्वासन देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की एक-एक इंच धरती और सीमा सुरक्षित और मजबूत है।”

पूरा देश महान सपूतों की शहादत को कर रहा नमन
लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हाल में हुई झड़प में भारत के 20 जवानों के शहीद होने के मामले में कांग्रेस के रवैये की आलोचना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने गम्भीर आरोप लगाया और कहा, 'गलवान घाटी में चीनी सैनिकों को जिस तरह से अपना सर्वोच्च बलिदान देते हुए भारत के शूरवीरों ने खदेड़ा है, वह अद्भुत है। आज पूरा देश अपने महान सपूतों की शहादत को नमन कर रहा है लेकिन कांग्रेस पार्टी दिन-रात देश के जांबाज जवानों का मनोबल तोड़ने का काम कर रही है।'

2014-19 तक सीमावर्ती क्षेत्र में करीब 98 प्रतिशत सड़कें बनकर तैयार
उन्होंने कहा, 'हम तो कांग्रेस से नहीं पूछ रहे कि संप्रग के समय में चीन ने हमारी कितनी जमीन हड़पी। हम ये भी नहीं पूछ रहे कि आपके शासन में सीमावर्ती क्षेत्रों में कितने किलोमीटर सड़कें बनीं। 2014-19 तक सीमावर्ती क्षेत्र में करीब 98 प्रतिशत सड़कें बनकर तैयार हो गई हैं।'

कांग्रेस पार्टी ने तो गैर जिम्मेदाराना काम किया: नड्डा
नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'आपको विपक्ष की जिम्मेदारी नहीं पता तो हम से विपक्ष में रहने का ट्यूशन ले लो।' उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट शब्दों में कहता हूं कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत के विकास का रोडमैप तैयार है, आप अपने रोडमैप की चिंता करो, वो हर दिन नीचे जा रहा है। अब तो ईश्वर भी कांग्रेस का साथ नहीं दे रहे। ‘नरेंद्र मोदी इज सरेंडर मोदी’ जैसी बातें अब कांग्रेस पार्टी की जुबां से, उसके ट्विटर एकाउंट के जरिये निकल रही हैं।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कोविड-19 संकट के दौर में विपक्ष ने राजनीति के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस पार्टी ने तो गैर जिम्मेदाराना काम किया है।' नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के छह दशकों के शासनकाल में देश में जितने कार्य नहीं हुए, उससे कहीं अधिक कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने केवल छह साल में कर दिखाया है।

RCEP भारत के किसानों, मजदूरों, उद्यमियों के पक्ष में नहीं: नड्डा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशहित के लिए भारत को रीजनल कॉम्प्रिहेंसिव इकॉनमिक पार्टनरशिप (आरसीईपी) में शामिल नहीं होने का फैसला किया क्योंकि आरसीईपी भारत के किसानों, मजदूरों, उद्यमियों के पक्ष में नहीं है।

मोदी के नेतृत्व में भारत बुलंदियों पर पहुंचेगा: नड्डा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज की विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत की स्वास्थ्य समस्याओं के साथ ही आर्थिक समस्याओं का भी समाधान किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मोदी के नेतृत्व में भारत बुलंदियों पर पहुंचेगा। कोरोना हारेगा, देश जीतेगा।

नड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार की तारीफ की
नड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है और आगे बढ़ेगा। देश में उत्तर प्रदेश की छवि देश में बदली है।

पीएम सम्मान निधि के रूप में 3,800 करोड़ रुपये मिले: नड्डा
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में 66.77 लाख लोगों को मुफ्त सिलेंडर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश के दो करोड़ किसानों को पीएम सम्मान निधि के तहत पहली किस्त के रूप में 3,800 करोड़ रुपये मिले हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static