यूपी निकाय चुनाव में BJP की बंपर जीत- PM मोदी, JP नड्डा और अमित शाह सहित इन दिग्गज नेताओं ने ट्वीट कर दी बधाई

punjabkesari.in Sunday, May 14, 2023 - 09:18 AM (IST)

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) और भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (JP Nadda) समेत कई केन्द्रीय मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव (UP Nikay Chunav) में शनिवार को भाजपा (BJP) को मिली बंपर जीत की बधाई दी है। मोदी (PM Modi) ने ट्वीट किया कि निकाय चुनावों में इस शानदार विजय के लिए उत्तर प्रदेश भाजपा (Uttar Pradesh BJP) के सभी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई। यह सफलता योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे अभूतपूर्व विकास को लेकर जन-जन के समर्थन को अभिव्यक्त करती है।

भाजपा पर निरंतर विश्वास के लिए जनता का ह्रदय से आभार: अमित शाह
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर सभी कार्यकर्ताओं, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और पूरी टीम को बधाई। यह विजय नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में योगी आदित्यनाथ की सरकार के जनकल्याण के कार्यों पर मुहर है। भाजपा पर निरंतर विश्वास के लिए जनता का ह्रदय से आभार।''

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया ट्वीट
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और प्रदेश भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ। यह विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में क्रियान्वित हो रही समावेशी व कल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत है।''

'यह जीत मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार और योगी के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण'
केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश नगर निगम / नगर पालिका व नगर पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का हार्दिक अभिनंदन व कार्यकर्ताओं को बधाई। यह जीत पीएम मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार और सीएम योगी के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।''

'यूपी निकाय चुनाव में भाजपा पर अपना विश्वास जताने के लिए सभी मतदाताओं का बहुत-बहुत आभार'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में प्रदेश भाजपा पर अपना विश्वास जताने के लिए सभी मतदाताओं का बहुत-बहुत आभार। यह शानदार जीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार में जनता के विश्वास और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की संगठनात्मक कुशलता की प्रतीक है। इस सफलता के लिए मुख्यमंत्री योगी , प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी एवं समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ।''

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कही ये बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर प्रदेश भाजपा के सभी समर्पित व कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं सुशासन प्रिय उत्तर प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। यह विराट विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं डबल इंजन सरकार की जनपक्षीय, विकासपरक एवं सर्वसमावेशी नीतियों के प्रति प्रचंड जन-विश्वास को प्रदर्शित करती है। राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए सभी प्रदेश वासियों का हृदयतल से अभिनंदन।

Content Editor

Anil Kapoor