''BJP वाले शहजादे-शहजादे कहते हैं, ये शहजादे शह भी देंगे और मात भी...'' प्रतापगढ़ में गरजे अखिलेश यादव

punjabkesari.in Thursday, May 23, 2024 - 03:14 PM (IST)

Akhilesh Yadav In Pratapgarh: लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने आज समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव प्रतापगढ़ पहुंचे। यहां पर अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया और सपा प्रत्याशी के लिए वोट की अपील की। इस दौरान अखिलेश यादव भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ''भाजपा के लोग शहजादे-शहजादे बुलाते हैं, हम शह भी देंगे और मात भी।'

अखिलेश ने कसा भाजपा पर तंज
जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ''जब से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक हुए हैं तब से डबल इंजन टकरा रहे हैं। ये जीरो होने जा रहे हैं। भाजपा का यूपी की 80 की 80 सीटों पर सफाया हो रहा है। ये दिल्ली वाले कहते हैं शहजादे-शहजादे, अब ये शहजादे उन्हें शह भी देंगे और मात भी देंगे। अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने कोई भी वादा पूरा नहीं किया। आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसी की भी आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई बढ़ती जा रही है, बेरोजगारी बढ़ रही है।''

बीजेपी के लोगों ने जनता को धोखा दिया हैः अखिलेश
भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ''बीजेपी के लोगों ने जनता को धोखा दिया है। उन्होंने जनता से किए हुए वादे पूरे नहीं किए। जबरदस्ती कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। अब इस वैक्सीन से जान को खतरा पैदा हो गया। वैक्सीन वाले बोल रहे है कि हम इसे वापस ले लेंगे, अब जब वैक्सीन शरीर में चली गई तो उसे वापस कैसे ले सकते हैं। इन्होंने वैक्सीन कंपनियों से चंदा वसूला। इलेक्ट्रोल बॉन्ड ने इनकी भ्रष्टाचार की पोल खोल दी। आज राशन के नाम पर ये लोग ठगने का काम कर रहे हैं। जब हमारी सरकार बनेगी तो आपका राशन बढ़ाया जाएगा। आपको मिल रहे राशन की मात्रा भी हम बढ़ा देंगे। जिससे लोगों को भरपेट भोजन मिल सके। भाजपा ने युवाओं को नौकरियां नहीं दी, बेरोजगारी बढाई है। हम बिना भेदभाव के नौकरियां देंगे। उन्होंने कहा, केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर स्वास्थ्य व्यवस्था ध्वस्त कर दी। इस बार जनता उनका सफाया कर देगी।''  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static