भाजपा और सपा केवल दबाव में आम लोगों के मुद्दों पर चर्चा कर रही हैं: प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Wednesday, Feb 23, 2022 - 08:42 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान बेरोजगारी, महंगाई, महिला सशक्तिकरण, छोटे किसानों और कारोबारियों की मदद जैसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाकर आतंकवाद की बात कर रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि छुट्टा मवेशियों और महिलाओं के मुद्दों को कांग्रेस द्वारा अपने चुनाव अभियान में उठाये जाने के बाद अन्य पार्टियां इस पर बोल रही हैं।

प्रियंका ने कहा कि सपा और भाजपा जैसी पार्टियां महंगाई कम करने, रोजगार देने, महिलाओं के सशक्तिकरण, छोटे और मझोले स्तर के कारोबारियों और किसानों की बेहतर कमाई में मदद करने के मुद्दों पर से ध्यान लगातार भटका रही हैं। कांग्रेस महासचिव ने एक चैनल  द्वारा भेजे गए सवालों के लिखित जवाब में छुट्टा पशुओं के मुद्दे पर कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से यह मुद्दा उठा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी छुट्टा पशुओं के मुद्दे को वर्ष 2019 से उठा रही है और अपने चुनावी घोषणा पत्र में मुआवजा देने की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा ‘‘चुनाव करीब होने की वजह से अचानक प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि उन्हें सूचित किया गया कि यह बड़ा मुद्दा है, पूरे उत्तर भारत में वर्षों से छुट्टा मवेशियों के कारण लोग नुकसान उठा रहे हैं और उन्हें अब यह समस्या पता चली है।''

गांधी ने कहा कि योगी जी चुनाव के चौथे चरण के दौरान छुट्टा पशुओं से होने वाले नुकसान के लिए मुआवजे की घोषणा क्यों कर रहे हैं? कांग्रेस नेता ने पूछा कि जब वह सार्वजनिक रूप से आतंकवाद पर व्याख्यान दे रहे थे और 80 प्रतिशत तथा 20 प्रतिशत का तर्क दे रहे थे, तब क्या उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी? कांग्रेस महासचिव ने कहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले तक समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी जनता की परेशानियों पर चुप्पी साधे रही। प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में आमूलचूल बदलाव की जरूरत है और कांग्रेस इस परिवर्तन का नेतृत्व करने के लिए खुद को तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और जातीय आधार पर बंटे उत्तर प्रदेश के मतदाताओं के मन में कांग्रेस का संदेश बैठने में कुछ समय लग सकता है लेकिन इस बात का पूरा यकीन है कि एक दिन ऐसा जरूर होगा। चुनाव प्रचार के दौरान जनता की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं पार्टी के साथ आ रही हैं। प्रियंका ने दावा किया कि सपा और भाजपा ने कांग्रेस के चुनावी वादों की नकल की है और अचानक महिला कल्याण की बातें होने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूरन महिला सम्मेलन करना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static