प्रियंका के दौरे पर BJP का तंज, कहा-चुनाव गांधी परिवार के लिए ‘पिकनिक‘

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 06:23 PM (IST)

लखनऊः लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपनी खोई जमीन की तलाश में गंगा यात्रा के लिए निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि गांधी परिवार के लिए हर चुनाव‘पिकनिक’की तरह है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने बातचीत में प्रियंका द्वारा नौका के जरिए गंगा की 100 किलोमीटर की यात्रा शुरू किए जाने का जिक्र करते हुए कहा,‘‘गांधी परिवार के लिए तो हर चुनाव पिकनिक की तरह है। उसके सदस्य यहां आते हैं और भाषण देकर चले जाते हैं। चुनाव खत्म होने के बाद वे स्विट्जरलैंड या इटली रवाना हो जाते हैं। उन्होंने कहा,‘‘जैसे ही नए चुनाव की घोषणा होती है, गांधी परिवार का कोई नया सदस्य सामने आता है और खुद को जादुई नेता समझने लगता है। उन सम्मानित नेता (प्रियंका) ने पूर्व में हुए चुनावों में भी कांग्रेस के लिए प्रचार किया था, इसके बावजूद उनकी पार्टी को अपने घर में ही हार का मुंह देखना पड़ा था।‘‘ 

गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी की प्रभारी प्रियंका ने सोमवार को प्रयागराज में लेटे हुए हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करके अपने लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की। अपनी इस यात्रा के दौरान वह नाव पर सवार होकर प्रयागराज से वाराणसी के बीच करीब 100 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। प्रियंका आज भदोही में रात्रि विश्राम करेंगी। कल सुबह फिर वह अपनी यात्रा पर निकलेंगी।    

 

 

Ruby