BJP प्रदेश अध्यक्ष ने सीतापुर में लगाई चौपाल, जमीन पर बैठकर पत्तल पर किया भोजन

punjabkesari.in Sunday, Mar 14, 2021 - 11:46 AM (IST)

सीतापुर: यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह शनिवार को चौपाल लगाने सीतापुर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले की सबसे बड़ी ग्रामसभा गोलोक कोडर के आजादनगर में ग्राम चौपाल की। यहां उन्होंने भाजपा के बूथ अध्यक्ष प्यारेलाल गौतम और गांव प्रभारी बृजेश निषाद के घर की रसोई में बना भोजन किया। स्वतंत्रदेव सिंह ने अपने आए सभी लोगों के साथ पत्तल में परोसा गया भोजन किया। यही नहीं, मिट्टी की कटोरी में खरिका और मिट्टी के गिलास में ही पानी भी दिया गया।

इस दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है और देश प्रदेश की जनता की सेवा ही उनका लक्ष्य है। चौपाल में सिंह ने कहा कि भाजपा की कथनी व करनी एक है। गांव, गरीब, किसान, झुग्गी झोपड़ी का इंसान और महिलाओं के सम्मान का संकल्प केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और योगी के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार ने लिया है। आगामी पंचायत चुनाव में कार्यकर्ताओं को जुटकर अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरा जोर लगाना होगा।      

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 6 साल के कार्यकाल में ग्रामीण उत्थान के लिए क्रांतिकारी कदम उठाएं उज्जवला योजना ,सौभाग्य योजना, पीएम आवास, शौचालय, किसान सम्मान निधि,जनधन योजना जैसी योजनाएं लागू कर गरीबों को राहत पहुंचाई है। वहीं प्रदेश की योगी सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों के ऋण माफ करने के साथ-साथ अनेक जन कल्याणकारी कार्यों के द्वारा विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार में माफिया राज गुंडाराज पर अंकुश लगा है। आज गुंडे प्रदेश की सीमा छोड़ चुके हैं या जेल में हैं। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है तथा गरीबों को मिलने वाली सरकारी मदद से बिचैलियों का राज खत्म हुआ। सपा बसपा व कांग्रेस ने पिछले 15 वर्ष तक प्रदेश की जनता को लूटा था, आज योगी सरकार ने प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर जनता में विश्वास लौटाया है। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj