BJP नेता बन लोगों को देता था धमकी, पुलिस ने 4 गुर्गों सहित किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Apr 25, 2018 - 12:07 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने मडियांव क्षेत्र से एक फर्जी मंत्री और उसके 4 साथियों को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के अनुसार केशवनगर निवासी मानसिंह यादव ने मडियांव थाने पर कुछ दिन पहले खुद को मंत्री एवं विधायक बताने वाले विषम पाठक आदि के खिलाफ धमकी देने और उनके प्लाट पर निर्माण का काम रुकवाने के आरोप में मामला दर्ज कराया था।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच में पता चला कि विषम पाठक नाम का कोई विधायक या मंत्री नहीं है। वह फर्जी तरीके से सत्ता पक्ष का मंत्री बताकर अपने वाहन पर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) का लोगो लगाकर कैबिनेट मंत्री विधायक लिखकर अपने साथियों के साथ खुलेआम घूमता था और लोगों पर रौब झाड़ता था।

उन्होंने बताया कि मडियांव थाना प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ वार्मा ने पुलिस बल के साथ आरोपी फर्जी मंत्री विषम पाठक और उसके 4 साथियों शाहजहांपुर निवासी संदीप अग्निहोत्री, विकास शर्मा, कन्हैया मिश्रा और लखीमपुर खीरी निवासी राजाराम को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि इन लोगों ने मानसिंह के घर जाकर फिर धमकी दी और गाली गलौच किया था। शुरुआती जांच में पता चला कि ये लोग इलाके में लोगों पर प्रभाव बनाने के लिए मंत्री और विधायक बताते थे। इन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं में 2 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Anil Kapoor