अखिलेश का मोदी सरकार पर निशाना, कहा- देश को अपने हिसाब से चलाना चाहती है BJP

punjabkesari.in Tuesday, Jan 30, 2018 - 10:28 AM (IST)

इटावा: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा देश को अपने हिसाब से चलाना चाहती है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने देश को जाति और धर्म के नाम पर बांट दिया है। देश संविधान के हिसाब से चलता है। भाजपा के लोग संविधान के हिसाब से नहीं, अपने हिसाब से देश चलाना चाहते हैं।

यादव ने बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार चाहती तो कासगंज की घटना न होती। भाजपा देश में भेदभाव पैदा कर अलगाव के जरिये बंटवारा करने में जुटी हुई है। भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाकर जनता को धोखा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा नौजवानों को आगे बढ़ाने का काम किया है। भाजपा की सरकार में कोई ऐसा काम नही हुआ है जिससे युवको को रोजगार मिल सके। इसे प्रदेश का दुर्भाग्य नहीं तो और क्या कहेंगे।

किसानों की बर्बादी की चर्चा करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में आलू किसान बर्बाद हो गए। उन्होंने कहा कि आलू किसानों के खिलाफ सरकार आतंकवादियों की तरह पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार जानबूझ कर उनके कार्यकाल मे शुरू कराई गई योजनाओं को ठप कर नाइंसाफी करने मे लगी हुई है।

यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी हर जनसभा मे कह रहे थे कि सरकार बनने पर बेराजगारो को नौकरी देंगे लेकिन आज 4 साल हो गए हैं और आज तक कितनों को नौकरी मिली। उन्होने कहा कि अबकी बार उत्तर प्रदेश मे हमारी सरकार आती है तो पिछडी जातियों में बहुत सी अतिपिछड़ी जातियों को मुख्य धारा में जोड़ने के काम करेंगे। उन्हे आवास, रोजगार और पेंशन देंगे। सपा अध्यक्ष ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री कह रहे है कि नौकरी के लिए सरकार की तरफ मत देखो। नौजवान नौकरी के लिए सरकार की तरफ नही देखेंगे तो कहां जाएंगे।