BJP को लोकसभा चुनाव 2019 में अवश्य दिया जाएगा जवाब: अखिलेश

punjabkesari.in Friday, Jun 15, 2018 - 07:56 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और आर.एस.एस. नए मुद्दे उछालने और मूल मुद्दों से भटकाने में माहिर है। वह कुछ भी फर्जी आरोप गढ़ सकते हैं। भाजपा से नई टैक्नोलॉजी के दुरुपयोग का खतरा है। विशेष तौर पर संचार माध्यमों फेसबुक, व्हाट्सएप झूठ फैलाने में प्रयोग हो सकता है।

डिजीटल इंडिया का इस्तेमाल विपक्षियों का चरित्र हनन करने तथा आपत्तिजनक अफवाहें फैलाने में किया जा सकता है। आर.एस.एस. अपने संगठन के स्तर से गांवों तक अफवाहें फैलाने के अभियान की रणनीति पर काम कर रहा है। इनके मुकाबले के लिए अभी से कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक समाजवादी पार्टी के संगठन को मजबूत बनाना और अनुशासनबद्ध तरीके से चुनाव की तैयारियों में जुट जाना होगा।

यादव पार्टी मुख्यालय लखनऊ में कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के 1,000 प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा का एजैंडा झूठ और धोखा है। देश की राजनीति में बदलाव करने में समाजवादी पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। हमारा प्रयास होगा कि भाजपा दोबारा सत्ता में न आने पाए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा के षड्यंत्र के विरुद्ध सच्चाई पर चर्चा करें। मतदाता जब सच्चाई जान लेगा तो वह समर्थन जरूर देगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के 5 वर्ष के कार्यकाल में विकास करने में कोई कसर नहीं रखी गई। किसानों, गरीबों, नौजवानों, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण की योजनाएं शुरू की गईं। किसानों के लिए मंडियों को विकसित करने के साथ सड़कों के निर्माण पर जोर दिया गया। बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ, नए मेडीकल कालेज खोले गए, गंभीर रोगों कैंसर, हार्ट, किडनी, लीवर के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई।

Anil Kapoor