लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा केन्द्र की सत्ता से हो जाएगी बेदखल : अखिलेश

punjabkesari.in Sunday, May 20, 2018 - 07:15 PM (IST)

महोबाः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2019 के आम चुनावों में भाजपा केंद्र की सत्ता से बेदखल हो जाएगी। यादव ने पत्रकारों से कहा कि उच्चतम न्यायालय ने देश को एक बार फिर लोकतंत्र की हत्या के कलंक से बचा लिया। विपक्ष की एकजुटता के कारण भाजपा का मैनेजमेंट फार्मूला विफल हो गया। 

उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकजुटता का यह क्रम बना रहा तो यह महागठबंधन का स्वरूप लेगा जिससे आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के न सिर्फ पैर उखड़ जाएंगे बल्कि वह लड़ाई से बाहर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के प्रकरण से सम्पूर्ण विपक्ष उत्साहित है। सभी मिलकर भाजपा को सरकार में आने से रोकेंगे। उन्होंने कहा कि सपा ने बहुजन समाज पार्टी(बसपा) से हाथ मिलाकर विपक्ष का महागठबंधन तैयार किए जाने की मंशा को मजबूती दी है। वह दलीय एकता के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। 

मध्य प्रदेश के चार दिवसीय दौरे के बाद आज सड़क मार्ग से लौटते समय यादव ने महोबा के करहरा कलां गांव में दो माह पहले कर्ज , गरीबी और भुखमरी के कारण आग लगा कर आत्महत्या का करने वाले युवा दलित किसानों राजबहादुर धोबी एवं ठाकुरदास के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इन परिवारों की आर्थिक स्थिति की जानकारी की एवं सरकार से घटना के बाद मिली किसी प्रकार की आर्थिक सहायता के बारे में पूछताछ की।   

उन्होंने कहा कि सूबे की मौजूदा योगी सरकार गरीब मजदूरों एवं किसानों की मदद में विफल साबित हुई है। उन्होंने सरकार पर सूखा प्रभावित बुंदेलखंड में व्याप्त समस्याओं को हल नही किए जाने, किसानो को दुर्घटना बीमा का लाभ न दिलाए जाने समेत गरीबो के लिए पूर्ववर्ती सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न जनकल्याण कारी योजनाओं तथा विकास कार्यो को रोक दिए जाने के कारण स्थिति खराब होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की स्थिति निरंतर गंभीर हो रही है। यहां सरकार ने संवेदनशीलता न दिखाई तो हालात बेकाबू हो जाएंगे।  पूर्व मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड में किसानों की खुदकुशी, अन्ना पशुओ की समस्या, किसानों की कर्ज माफी, उनकी उपज का सही मूल्य न मिलने जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार की जमकर ङ्क्षखचाई की।  उन्होंने कहा कि चारो ओर माफियाओं की लूट का खेल जारी है। महंगाई से आम आदमी परेशान है।  

यादव ने करहरा में आत्महत्या के शिकार दोनों किसान परिवारों को समाजवादी पार्टी की ओर से एक-एक लाख रुपये की मदद किये जाने की घोषणा की तथा मौके पर उन्हें 25-25 हजार रुपये नकद धनराशि भी प्रदान की। 

Ruby