CBI, ED का दुरुपयोग करके खत्म हो गई कांग्रेस, अब BJP का भी यही हश्र होगा: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Sunday, Mar 19, 2023 - 03:22 PM (IST)

कोलकाता: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के ‘‘दुरुपयोग'' के चलते आने वाले दिनों में ‘‘कांग्रेस की तरह'' राजनीतिक रूप से खत्म हो जाएगी। अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने जाति जनगणना पर भी जोर देते हुए कहा कि यह 2024 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में एक प्रमुख मुद्दा होगा।

पहले कांग्रेस केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करती थी और अब भाजपा ऐसा कर रही है: अखिलेश यादव
मिली जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पहले कांग्रेस केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करती थी और अब भाजपा ऐसा कर रही है। कांग्रेस अब खत्म हो गई है। भाजपा का भी यही हश्र होगा। सपा नेता ने दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-2 (संप्रग-2) सरकार के दौरान कांग्रेस ने जाति जनगणना कराने का वादा किया था, लेकिन बाद में पीछे हट गई।

कांग्रेस की तरह भाजपा भी जाति जनगणना कराने की इच्छुक नहीं: अखिलेश यादव
अखिलेश ने कहा कि हम चाहते हैं कि भाजपा नीत केंद्र सरकार जाति जनगणना कराए। कई नेता इसकी मांग कर रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस की तरह भाजपा भी जाति जनगणना कराने की इच्छुक नहीं है। आम चुनाव के मद्देनजर संभावित विपक्षी मोर्चे का फॉर्मूला क्या होगा, इस बारे में अखिलेश ने कहा कि इसका खुलासा नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम विपक्षी मोर्चे के फॉर्मूले का खुलासा नहीं करेंगे। हमारा उद्देश्य भाजपा को हराना है।

Content Editor

Anil Kapoor