Mission 2024: भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक फैसलों की घर-घर जानकारी देगी भाजपा
punjabkesari.in Friday, May 19, 2023 - 09:05 PM (IST)

कानपुर: 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को एक निजी होटल में पार्टी के पदाधिकारियो और कार्यकर्ताओ के साथ बैठक कर चुनाव पर चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाज का हर वर्ग भाजपा को वोट दे रहा है, उसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी को 2014 ,17, 19 और 2022 के बाद 2024 में बड़ी सफलता मिलेगी।
उन्होंने कहा की चुनाव में नेगिटिव परिणाम आने के बाद लोग होम वर्क करते है, लेकिन बीजेपी का कार्यकर्ता लगातार जनता से संवाद बनाए रखता है। लोकसभा चुनाव के लिए हमने पूरा होम वर्क कर लिया है। कर्नाटक में मिली हार पर उन्होंने कहा की कर्नाटक की जनता के बीच अपनी बात सही से नहीं पहुंचा पाए, उसी का परिणाम रहा कि जैसा सोचा गया था वैसा परिणाम नहीं मिला। लेकिन भाजपा सभी कारणों की समीक्षा करेगी और मोदी के नेतृत्व में पूरी ताकत से आगे बढ़ने का काम करेंगी।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की कार्यसमिति बैठक का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक फैसलों के साथ घर घर दस्तक देगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी नौ वर्ष पूर्ण होने पर महासंपर्क अभियान के माध्यम से पार्टी फिर एक बार जनता के दरबार में पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों के साथ संवाद करेगी।